दबंगों से भयभीत परिवार छोड रहा है गांव पुलिस नहीं कर रही है कार्यवाही पुत्री को पहले ही मायके भेज चुकी है पीडिता अलीगंज- थाना राजा का रामपुर के ग्राम लुहारी खेडा में दबंगों के आतंक से एक परिवार अपने गांव छोडने को विवश हो गया है। महिला ने अपनी पुत्री को तो पहले ही अपने मायके भेज दिया है और अब स्वयं परिवार के साथ गांव छोड रही है। पीडिता ने जिलाधिकारी से आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। मामला ग्राम लुहारी खेडा का है। गांव निवासी बेबी पत्नी सुधीर कुमार अपने पुत्र शिवा, आलोक एवं पुत्री अम्बिका और शशि के साथ गांव में रहती है। प्रार्थिया के गांव के रहने वाले सोनू, अनूप पुत्रगण जगदीश, अर्जुन व रजनेश पुत्रगण जागन सिंह प्रार्थिया तथा उसके परिवार के साथ मारपीट एवं गाली-गलौज तथा बेटी के साथ छेडछाड करते रहते है। प्रार्थिया ने 27 जून को उक्त लोगों के खिलाफ थाना राजा का रामपुर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मारपीट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं की। जिसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। पीडिता का कहना है कि आरोपी अब धमकियां देते हैं कि अभी तक तेरी बेटी के साथ कुछ खास नहीं किया, लेकिन करेंगे। प्रार्थिया काफी गरीब है और डरी सहमी है, जिसके चलते बेटी को मायके भी भेज दिया है। पीडिता बेबी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। प्रार्थिया को अगर जल्द ही न्याय नहीं मिला तो वह अपने परिवार के साथ गांव छोडने को मजबूर होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें