प्रशासन ने कासगंज और हाथरस मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन रोका
सिकंदराराऊ हाथरस में 6 कांवड़ियों की मौत के बाद जहां सरकार के कड़े रुख के चलते हाथरस के पुलिस अधीक्षक का तबादला कर दिया गया है वहीं स्थानीय पुलिस प्रशासन भी रविवार को हरकत में आ गया । हालांकि पूर्व में ही शुक्रवार से सोमवार तक हाथरस तथा कासगंज मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन पहले ही रोक दिया गया था ।लेकिन उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देश के बाद रविवार को कोतवाल अशोक कुमार सिंह एवं नायब तहसीलदार अजय कुमार संतोषी दल बल के साथ पंत चौराहे पर पहुंच गए। उनके साथ पुरदिलनगर चौकी प्रभारी सोनू राजौरा एवं उप निरीक्षक प्रमोद कुमार भी कमान संभाले हुए थे और सिकंदराराऊ तथा हाथरस मार्ग पर पूरी तरह कड़ाई से नियम का पालन कराते हुए भारी वाहनों का आवागमन ठप करा दिया गया। इस दौरान बस चालकों एवं अन्य भारी वाहन चालकों द्वारा पुलिस को चकमा देकर बाहर निकालने का प्रयास किया गया तो पुलिस ने उनके चालान भी काटे। पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के चलते वाहन चालकों को खासी परेशानी भी उठानी पड़ी , जिन्हें कासगंज और हाथरस जाने के लिए रूट डाइवर्ट करके अलीगढ़ तथा एटा के रूट से भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा है कि कावड़ियों के आवागमन को ध्यान में रखकर कासगंज तथा हाथरस मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यदि कोई भी चालक नियमों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें