व्यापारियों का शोषण बंद नहीं किया तो फूड इंस्पेक्टर के खिलाफ कराई जाएगी कार्रवाई
सिकंदराराऊ फ़ूड इंस्पेक्टर का व्यवहार व्यापारियों के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने बिल्कुल ईमानदारी से कार्य करने वाले व्यापारियों को भी अपनी कार्यशैली से प्रताड़ित कर रखा है l अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष एवं आगरा मंडल प्रभारी संजीव महाजन व नगर महामंत्री प्रवीण वार्ष्णेय डोबी भाई, संगठन मंत्री दुर्वेश पचोरी, युवा नगर अध्यक्ष विशाल वार्ष्णेय ने बताया कि आये दिन व्यापारी बंधु सिकंदराराऊ नगर पर तैनात फ़ूड इंस्पेक्टर सुरेश कुमार चौरसिया की शिकायत कर बता रहे हैं कि खाद्य निरीक्षक ने खाद्य पदार्थ एवं वस्तुओं का व्यापार करने वाले व्यापारियों में भय का माहौल बना दिया है। आये दिन किसी न किसी की दुकान पर आकर बैठ जाते हैं और जबरदस्ती फार्म भरकर उसपर हस्ताक्षर करने के लिए बोलते हैं। जिससे व्यापारी दहशत में आ जाता है। पुरदिलनगर के एक पूर्व विभागीय रिटायर कर्मी द्वारा चौथ बसूली कराने की भी शिकायत मिल रही हैं। उक्त रिटायर कर्मी चौथ बसूली के लिए पहले से ही कस्बे में बदनाम है । व्यापार मंडल अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से उक्त फ़ूड इंस्पेक्टर को कस्बे से तत्काल हटाकर किसी ईमानदार इंस्पेक्टर की तैनाती की मांग की है। साथ ही अपने सभी व्यापारी बन्धुओं से भी अपील की है कि अपना काम ईमानदारी के साथ करें और उसके बाद भी कोई विभागीय इंस्पेक्टर उनका नाज़ायज़ तरीके से उत्पीड़न करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ शासन से कार्यवाही कराई जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें