मंडी टैक्स की चोरी करके अवैध रूप से संचालित हो रहा था अनाज का गोदाम, एसडीएम ने छापा मारकर किया सील
सिकंदराराऊ उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने रविवार को नगर के मोहल्ला करीब नगर स्थित अनाज के एक गोदाम पर छापा मारकर सील कर दिया । जहां बड़ी मात्रा में अनाज का भंडारण होता मिला तथा मंडी टैक्स की चोरी करके अवैध तरीके से अनाज की खरीद फरोख्त किए जाने का मामला संज्ञान में आया है ।प्रशासन द्वारा मंडी टैक्स की चोरी करने को लेकर गोदाम के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने बताया कि काफी समय से शिकायतें मिल रही थी कि नगर के मोहल्ला करीमनगर में क्रीड़ा स्थल के पीछे एक अवैध गोदाम है। जहां से गेहूं एवं अन्य अनाजों की अवैध रूप से खरीद-फरोख्त की जा रही है। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने जब्बार कुरैशी के मोहल्ला करीम नगर स्थित गोदाम पर छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में गेहूं के अलावा मक्का, बाजरा आदि अनाज का भंडारण हो रहा था। उपजिलाधिकारी ने मंडी सचिव से इस बारे में जानकारी मांगी तो उन्होंने बताया कि जब्बार कुरैशी के पास केवल मंडी समिति परिसर के अंदर ही अनाज की खरीद फरोख्त करने का लाइसेंस है। मंडी परिसर से बाहर गोदाम बना कर खरीद फरोख्त करके मंडी टैक्स की चोरी की जा रही है। उप जिलाधिकारी ने मंडी सचिव को गोदाम मालिक जब्बार कुरैशी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें