सिकंदराराऊ तथा पुरदिलनगर में जुमे की नमाज के लिए प्रशासन रहा बेहद अलर्ट
सिकंदराराऊ शुक्रवार को सिकंदराराऊ तथा कस्वा पुरदिलनगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के मध्य जुमे की नमाज संपन्न कराई गई। 2 सप्ताह पूर्व कस्बा पुरदिलनगर में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल को लेकर प्रशासन इस बार भी चौकन्ना दिखाई दिया। गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा, एसडीएम वेद सिंह चौहान, सीओ सुरेंद्र सिंह एवं कोतवाल अशोक कुमार सिंह की मौजूदगी में नगर पंचायत कार्यालय पुरदिलनगर में गणमान्य नागरिकों तथा मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ प्रशासन द्वारा बैठक करके शांति पूर्वक नमाज संपन्न कराने के लिए अपील की गई थी । शुक्रवार को सभी मस्जिदों पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम, सीओ तथा कोतवाल लगातार मस्जिदों पर भ्रमण करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। शासन द्वारा जिला प्रशासन को शांतिपूर्वक नमाज अदा कराए जाने के लिए खास दिशा निर्देश जारी किए गए थे । जिसके चलते प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बैठक करने के अलावा मुस्लिम बस्तियों में भ्रमण भी किया और मस्जिदों पर पहुंचकर लोगों को कानून व्यवस्था के बारे में आवश्यक जानकारियां देते हुए शांति व्यवस्था तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। प्रशासन द्वारा सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरे की मदद से भी निगरानी रखी गई। पुरदिलनगर में सुरक्षा की कमान कस्बा चौकी प्रभारी सोनू कुमार राजौरा ने संभाल रखी थी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें