अलीगंज।*। विकास खण्ड अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला सुभान के ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्य न होने और गांव की गलियों में भरी कीचड़ की समस्या से परेशान होकर लोकसभा चुनाव के मतदान के बहिष्कार का ऐलान किया। ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी, मुख्य चुनाव आयुक्त, मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को मतदान बहिष्कार से अवगत कराया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए।
अलीगंज ब्लाॅक क्षेत्र के गांव सुभान के वाशिंदे वर्षों से व्याप्त गलियों की कीचड़, गांव के विकास न होने से आजिज ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव में मतदान के बहिष्कार का एलान कर दिया। दर्जनों ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी, मुख्य चुनाव आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयुक्त, मंडलायुक्त को इस समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा है कि गांव में गलियों का निर्माण न होने के कारण जलनिकासी की समस्या बड़ी जटिल है। इसलिए गालियों में कीचड़ भरी हुई है। इसके अलावा गांव में अन्य विकास कार्य भी नहीं कराए गए हैं। यह समस्या विगत कई वर्षों से बनी हुई है। बारिश का पानी घरों में चला आता है। परिवार के सदस्य जलजमाव के कारण गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं। जलनिकासी की समस्या हल कराने के लिए कई बार अवगत कराया गया किंतु कोई सार्थक जवाब नहीं मिलने पर विवश हैं। जलनिकासी न होने के कारण बनी कीचड़ की समस्या को दूर करने के लिए नाला निर्माण नहीं होने पर समूचे लोगों ने इस बार लोकसभा चुनाव में मतदान न कर चुनाव का सामूहिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया। नगला सुभान गांव के बूथ पर 562 वोट हैं। यह सभी वोटर समस्या से जूझ रहे हैं। चुनाव का बहिष्कार कर रहे लोगों को समझाने के लिए पुलिस अधिकारी पहंुचे, लेकिन ग्रामीण नहीं माने, उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को मौके पर बुलाकर समस्या से अवगत कराया जाएगा। चूंकि जनप्रतिनिधि तो आए दिन आश्वासन दे रहे थे, आज तक विकास कार्य नहीं हुआ और ग्रामीणों की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीण काफी समय तक जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। बाद में समझाने बुझाने पर ग्रामीणों ने मतदान किया।
.@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें