मण्डी समिति में 4 जून को होगी मतगणना, डीएम ने अधिकारियों, राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर दिए दिशा निर्देश
एटा।* लोकसभा क्षेत्र की विधानसभा एटा सदर, मारहरा एवं फर्रूखाबाद लोकसभा क्षेत्र की विधानसभा अलीगंज, आगरा लोकसभा क्षेत्र की विधानसभा जलेसर की मतगणना आयोग की मंशानुसार 4 जून को मण्डी समिति में सम्पन्न कराई जाएगी। डीएम ने कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मतगणना से जुड़े अधिकारियों एवं राजनैतिक दलों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश देते हुए कहा कि मतगणना के दौरान पूरी तरह निष्पक्ष होकर कार्य करें, हर हाल में मतगणना को आयोग की मंशा के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाए। सम्पूर्ण मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना कार्मिक 4 जून को मण्डी समिति जीटी रोड गेट से प्रवेश करेंगे, प्रत्येक दशा में मतगणना समय से शुरू हो जानी चाहिए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में मतगणना सम्पन्न कराई जाएगी। मतगणना स्थल पर होने वाले मतगणना संबंधी कार्य के दौरान मोबाइल फोन, वीडियो कैमरा, अन्य इलैक्ट्रोनिक उपकरण आदि को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिबंधित किया गया है। समस्त अधिकारी, गणना कार्मिक मण्डी समिति के जीटी रोड गेट एवं प्रत्याशी, मतगणना एजेंट, मीडिया बंधु अलीगंज रोड गेट से प्रवेश करेंगे। मतगणना स्थल मण्डी समिति के दोनों प्रवेश द्वारों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त रूप से ड्यूटी लगाई जाएगी। मतगणना स्थल पर समुचित साफ सफाई करने के साथ ही अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं संबंधित अधिकारियों द्वारा समय से सुनिश्चित करा ली जाएं। बैठक के दौरान एसएसपी राजेश कुमार सिंह, सीएमओ डा. यूके त्रिपाठी, सीडीओ डा. एके वाजपेयी, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह, समस्त एआरओ सहित अन्य संबंधित समस्त अधिकारीगण, भाजपा नेता सुशील गुप्ता, सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी सहित अन्य अन्य पार्टियों के प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें