एटा।* कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों मे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भाई ने पहली पत्नी और उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
थाना व कस्बा सकीट के मोहल्ला पोस्तीखाना निवासी 41 वर्षीय मुकेश पुत्र मुन्नीलाल कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत आगरा रेाड स्थित गांव बावसा में किराए के मकान में रहकर बैल्डिंग का काम करता था। संदिग्ध परिस्थितियों में मुकेश ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई दिनेश निवासी मोहल्ला पोस्तीखाना थाना सकीट ने बताया कि मुकेश कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बाबसा में कुंवरपाल सिंह के मकान में किराए पर रहता था। अवागढ़ थाना क्षेत्र के वसुंधरा में वैल्डिंग की दुकान पर काम करता था। मंगलवार की रात उसने पत्नी के दुपट्टे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर हम लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर मुकेश के शव को फंदे से उतारा। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। दिनेश ने बताया कि मुकेश की पहली शादी गीता निवासी घनाजपुर थाना कुरावली जिला मैनपुरी के साथ हुई थी। बाद में दोनों अलग हो गए। मुकेश ने इटावा निवासी ममता से दूसरी शादी कर ली थी। जबकि गीता सकीट में ही एक व्यक्ति के साथ रहने लगी। दिनेश के मुताबिक 10 दिन पूर्व कुछ लोगों ने बसुंधरा में जाकर मुकेश को धमकाया था। उसी के चलते मंगलवार की रात में उसने फंदा लगा लिया।
कोतवाली देहात प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर का कहना है कि ममता ने बताया कि मुकेश सकीट में बना हुआ मकान और कुछ जमीन बेचना चाहता था। कहता था कि तुझे कुछ नहीं दूंगा। इसी बात को लेकर मंगलवार की शाम दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। जिसके चलते देर रात मुकेश ने फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें