प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन ने दिया धरना, किसानों को मुआवजा और लेखपाल पर कार्रवाई की मांग
भारतीय किसान यूनियन द्वारा प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर अत्यधिक वर्षा से पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति मुआवजा देने एवं भ्रष्ट लेखपालों पर कार्रवाई आदि किसानों की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने धरना स्थल पर पहुंचकर किसान नेताओं से वार्ता की और उन्हें आश्वस्त किया कि 2 नवंबर के बाद पुनः सर्वे कराया जाएगा और पीड़ित किसानों को मुआवजा अवश्य मिलेगा तथा कमेटी बनाकर जांच कराई जाएगी, यदि कोई लेखपाल अथवा कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने कहा कि सिकंद्राराऊ तहसील क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा और जलभराव के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। बहुत से लोगों के मकान गिर गए और फसल बर्बाद हो गई । प्रशासन द्वारा मुआवजे के लिए जो सर्वे कराया गया उसमें लापरवाही बरती गई है जिसके चलते बहुत से पीड़ित किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिल सका है। इसलिए दोबारा सर्वे करा कर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा क्षेत्र में तैनात लेखपालों द्वारा किसानों को बेवजह परेशान किया जाता है। किसानों की समस्याओं को लेखपाल गंभीरता से नहीं लेते जो कि भ्रष्टाचार में लिप्त हैं । ऐसे लेखपालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों का शोषण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी किसानों के प्रति अपने व्यवहार में सुधार लाएं और किसानों की समस्याओं का समाधान करें । किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए अन्यथा भारतीय किसान यूनियन आंदोलन करने को बाध्य होगी ।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता रामवीर सिंह ने की एवं संचालन जिला महामंत्री साजिद अली ने किया।
इस अवसर पर सत्यदेव पाठक , राजेंद्र सिंह, पम्मी ,नरेश यादव, रामनारायण ,उम्मेद अली, सुबराती खां, संजीव , निहाल सिंह ,अनार सिंह, सुनील यादव, सत्य प्रकाश, कमलेश यादव, राजपाल सिंह आदि किसान मौजूद रहे।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें