कस्बा कचौरा के पास छह दिन पूर्व मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल साइकिल सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट मृतक के नाती द्वारा मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
सोमेंद्र कुमार पुत्र धर्मेंद्र कुमार निवासी गांव बादामपुर कासगंज ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 21 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे करीब उसके बाबा सूरजपाल उम्र 70 वर्ष पुत्र लक्ष्मण सिंह साइकिल पर सवार होकर घर से कचौरा कस्बा होते हुए अपने भाई की ससुराल गांव मितरौली जा रहे थे । इस दौरान रास्ते में कचौरा बिजली घर के पास पहुंचते ही एक मोटरसाइकिल ने साइकिल को टक्कर मार दी जिससे साइकिल सवार सूरजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए । स्थानीय पुलिस द्वारा घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंद्राराऊ ले जाया गया जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन सूचना पाकर वहां पहुंच गए और सूरजपाल को उपचार के लिए अलीगढ़ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत में सुधार न होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में उपचार के दौरान सूरजपाल की मृत्यु हो गई। मृतक के नाती ने घटना की रिपोर्ट मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध दर्ज कराई है।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें