योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए : डीएम

हाथरस । 

निपुण भारत मिशन स्टियरिंग कमेटी, मिड-डे मील टास्क फोर्स, ऑपरेशन कायाकल्प एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता विकसित करने हेतु किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में निर्धारित लर्निंग आउटकम्स की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। शिक्षकों द्वारा दैनिक शिक्षण योजना (टीएलएम) का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का नियमित आकलन करने के निर्देश दिए। विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए। मिड-डे मील योजना योजनानांर्गत सभी विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय से भोजन वितरण सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परिषदीय विद्यालयों में 19 निर्धारित पैरामीटरों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने शौचालय, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, बाउंड्री वॉल, कक्षा-कक्षों की मरम्मत एवं फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने तथा कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2