साधन सहकारी समिति सचिव ने गबन कर दी 21.11 लाख की धनराशि
सहायक विकास अधिकारी ने दर्ज करवाई प्राथमिकी
संवाद सूत्र, अलीगंज- साधन सहकारी समिति हत्सारी के सचिव ने विभाग और कृषकों की लगभग सवा इक्कीस लाख की धनराशि का गबन कर लिया। उक्त सचिव बीमारी को बताकर सितम्बर माह से अवकाश पर है। जब दूसरे सचिव को समिति का चार्ज दिया तो जांच में यह गबन पाया गया। सहायक विकास अधिकारी ने दोषी सचिव के विरूद्व कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। साधन सहकारी समिति हत्सारी पर अशोक कुमार निवासी ग्राम बंधो थाना भरथना जिला इटावा प्रभारी सचिव के रूप में वर्ष 2008 से कार्यरत है। सितम्बर माह में उक्त सचिव ने बीमारी का कारण बताते हुए अवकाश ले लिया। समिति का कार्य अवरूद्व न हो इसके लिए जिलाधिकारी के आदेश पर नायब तहसीलदार की निगरानी में गोदाम और कार्यालय के ताले तोडकर समिति का चार्ज विजयवीर सिंह को सौंप दिया गया। जब गोदाम और कार्यालय की जांच की गई तो अभिलेखों में हेर-फेर पाया गया।
विभाग द्वारा इसकी जांच की गई तो पाया गया कि सचिव अशोक कुमार द्वारा उर्वरक ब्रिकी की 7 लाख नवासी हजार तथा कृषकों से वसूली की धनराशि 1 लाख 33 हजार कुल धनराशि इक्कीस लाख्ष ग्यारह हजार तीन सौ तिरेसठ रूपए कम पाई गई। जांच में पाया गया कि उक्त धनराशि जिला सहकारी बैंक शाखा में जमा न करके खुर्द-बुर्द कर गबन कर ली गई। उक्त मामले की प्राथमिकी सहायक विकास अधिकारी सहकारिता ओवेन्द्र कुमार ने कोतवाली अलीगंज में दर्ज करवाई है। इंस्पेक्टर प्रेमपाल सिंह ने बताया कि प्राथमिकी कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें