भीषण गर्मी में नगर में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। मंगलवार को लाइन में फाल्ट के कारण दिनभर नौखेल फीडर की सप्लाई ठप हो गई। वहीं गांवों में 16 से 18 घंटे की कटौती की जा रही है। पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण फसल की सिंचाई के साथ लोगों को पेयजल संकट और गर्मी से परेशान होना पड़ रहा है।
मंगलवार को नौखेल फीडर की आपूर्ति सुबह 10:30 बजे से बिजली गुल हो गई, जो शाम तक सुचारू नहीं हो सकी। फीडर की आपूर्ति बंद करने से मोहल्ला नगला शीशगर , शहाबुद्दीन गंज ब्राह्मणपुरी, दमदमा, नौखेल आदि मोहल्ला के लोग भीषण गर्मी के कारण बिलबिला गए। बिजली न आने से लोग गर्मी में व्याकुल होते रहे और पीने के पानी के लिए भी परेशान दिखाई दिए । लेकिन बिजली कर्मचारी और अधिकारी नगर के लोगों की परेशानी से बेखबर बने रहे। बिजली कटौती की समस्या नगर में गंभीर रूप ले चुकी है । आए दिन होने वाली कटौती के कारण लोगों को दिन-रात बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। बिजली न आने पर लोग जागकर रात काटते हैं। बिजली आपूर्ति के हालात इतने खराब हैं कि थोड़ी देर के लिए तेज हवा चलने या मामूली सी बूंदाबांदी होने पर भी घंटों के लिए बिजली काट दी जाती है। जिसका जवाब किसी बिजली कर्मचारी या अधिकारी के पास नहीं होता है। गर्मी के मौसम में बिजली न आने से इनवर्टर भी जवाब दे जाते हैं और खासकर बच्चों तथा वृद्धों एवं मरीजों को मुश्किल का सामना करना पड़ता है।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें