मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनार्तगत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन , 468 पुत्रियों का सामूहिक विवाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनार्तगत जिला स्पोर्टस स्टेडियम हाथरस में गरीब एवं असहाय परिवारों की लगभग 468 पुत्रियों का सामूहिक विवाह सौहार्दपूर्ण माहौल में विधि विधान पूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न हुआ तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखद जीवन के लिए आर्शीवाद दिया और पुष्प वर्षा कर उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकानाऐं दी।
भव्य पंडाल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारम्भ विधायिका सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख सदर पूनम पांडे, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। मंच पर आसीन विधायिका सदर, विधायक सि0राऊ, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित अतिथियों का बुके एवं पौध भेंट कर स्वागत किया गया।
विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि आज के इस शुभ अवसर पर सभी जोड़ों को अपना आशीर्वाद देती हूँ। ऐसे सभी पंडितजनों और उनकी पूरी टीम का भी हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने वर-वधू को दांपत्य सूत्र में बाँधने का यह अवसर प्रदान किया। साथ ही, सभी वर-वधू, उनके परिजन, हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियाँ, मीडिया से जुड़े साथीगण, एवं प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारीगण जिन्होंने इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद वैवाहिक जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के अंतर्गत जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों की पुत्रियों की शादी कराई जाती हैं। उन्होंने इस योजना के संचालन हेतु मुख्यमंत्री को धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने बेटियों की सुरक्षा और शादी की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपने आस-पास पात्र और जरूरतमंद लाभार्थियों का आवेदन इस योजना के अंतर्गत कराने का आवाहन किया है, जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत अब सभी नवविवाहित जोड़े अपना मैरेज सर्टिफिकेट (विवाह प्रमाणपत्र) भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
विधायक सिकंदराराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कहा कि इसमें कोई दो मत नहीं हैं कि आज का यह अवसर अत्यंत सौभाग्यशाली और भावनात्मक है। हमारे समक्ष हमारी मातृशक्ति, नौजवान वर्ग और उनके अनुयायी उपस्थित हैं यह हमारे समाज की एकता और संस्कारों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुझे भलीभांति स्मरण है, पहले के समय में जब कोई पिता अपनी बेटी को बड़ा होते देखता था, तो उसके मन में चिंता घर कर जाती थी। वह सोचता था कि बेटी की शादी कैसे होगी, और इसी चिंता में अक्सर वह साहूकारों के आगे झुक जाता था, ताकि किसी तरह विवाह का खर्च पूरा कर सके। यह पीड़ा समाज के हर गरीब पिता की पीड़ा थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पीड़ा को गहराई से महसूस किया और हर गरीब की बेटी को अपनी बेटी मानकर उसके सम्मान और विवाह की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। प्रारंभ में इस योजना के अंतर्गत रूपये 51,000 की सहायता दी जाती थी, लेकिन बढ़ती महंगाई को देखते हुए, शासन-प्रशासन के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने इसे बढ़ाकर रूपये 1,00,000 कर दिया। इसके लिए उनका हृदय से आभार प्रकट किया। सभी नवविवाहित जोड़ों को अपनी ओर से शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया और कहा कि जिस भावना से हमारे मुख्यमंत्री ने आप सबको अपनी बेटी और बेटा माना है, उसी भावना से आप भी एक-दूसरे के साथ प्रेम, समर्पण और सहयोग से जीवन यापन करें। यही मेरी शुभकामना और आशीर्वाद है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख ने अपने-अपने संबोधन में कहा कि आज का यह अवसर अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। हम सब इस बात के साक्षी हैं कि हमारे प्रदेश के लोकप्रिय, कर्मठ और संवेदनशील मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इस योजना के माध्यम से उन परिवारों की बेटियों की शादी सम्मानपूर्वक हो रही है, जिनके माता-पिता आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं। सच कहा गया है कन्यादान सबसे बड़ा दान होता है और इस दान में शासन और प्रशासन ने सहभागी बनकर सामाजिक परंपराओं को सशक्त किया है। सभी नवविवाहित जोड़ों को हृदय से आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ, उनका दांपत्य जीवन सुखी, समृद्ध और सफल हो।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने इस अवसर पर उपस्थित विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके गरिमामय उपस्थिति के लिए धन्यवाद दिया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह के अवसर पर वर-वधुओं को शुभाशीष एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन एवं प्रशासन की मंशा है कि पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त हो। इसी क्रम में आज लगभग 468 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन की टीम, तथा सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस विभाग की सराहना की। अंत में जिलाधिकारी ने नवविवाहित जोड़ों के सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में समानता, सहयोग एवं संवेदना की भावना को और बल मिलता है।
मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा योजना में आवेदन किये जाने के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के समस्त विकास खण्डों एवं नगरीय क्षेत्रों से लगभग 468 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम सम्पन्न हो रहा है। जिसमें 20 मुस्लिम जोड़े भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि योजनार्न्तगत वधू पक्ष अर्थात कन्या को रू0 60,000 हजार की अनुदान राशि उनके स्वयं के बैंक खाते में अन्तरित की जाती है तथा रू0 25,000 में वधू पक्ष को विवाह हेतु सामग्री जैसे चादी के बीछिया, चांदी की पायल, ट्रॉली बैग, कुकर, डिनर सैट, श्रंगारदानी, कपड़े व चुनरी, पेंट शर्ट/सफारी सूट का कपड़ा, गमछा व पगड़ी आदि उपहार सामग्री की व्यवस्था पर व्यय होता है तथा प्रत्येक जोड़े के विवाह आयोजन पर 15,000 रुपये की धनराशि व्यय किये जाने की व्यवस्था है। इस प्रकार योजनान्तर्गत एक जोड़े के विवाह पर कुल रू0 1,00,000 की धनराशि की व्यवस्था है।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम के मौके पर उप जिलाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया से पत्रकार बंधु आदि उपस्थित रहे।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें