विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गोपाष्टमी पर्व
नगर में गोपाष्टमी का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न स्थलों पर जाकर गौमाताओं की पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया।
गौसेवकों ने गोमाताओं को फूल माला पहनाकर, तिलक लगाकर तथा परिक्रमा कर पूजा की। इसके बाद हरी सब्जियाँ, गुड़ और आटे की लोइयाँ खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे नगर में धार्मिक वातावरण और गौभक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
अवधेश राजपूत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा गोपाष्टमी का पर्व हम सभी के लिए आस्था, प्रेम और गौसेवा का प्रतीक है। हम वर्ष में एक दिन इस पर्व को मनाते हैं, परंतु हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि गौसेवा को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। प्रतिदिन गौमाता को हरी सब्जी और आटे की लोई अर्पित करने से घर में सुख, शांति, और समृद्धि बनी रहती है। गौमाता हमारे धर्म, संस्कृति और जीवन की आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में गाय को माता का स्थान दिया गया है, इसलिए हर व्यक्ति को गौमाता के संरक्षण एवं सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने नगर के कई स्थलों पर गौसेवा कर लोगों से भी गोसंरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
नगर में गोपाष्टमी के अवसर पर भक्ति और आनंद का माहौल रहा। जगह-जगह भजन-कीर्तन, गौपूजन एवं प्रसाद वितरण के कार्यक्रम हुए, जिनमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
@samachar24news




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें