अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर में रखे गए मिठाई के डिब्बे को प्रसाद समझकर खाने से बिगड़ी डेढ़ दर्जन लोगों की तबीयत, एक महिला की मौत
कोतवाली क्षेत्र के गांव माधुरी में एक मंदिर में रखा प्रसाद खाने से डेढ़ दर्जन लोगों की हालत बिगड़ गई। उपचार के दौरान एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। वहीं खाद्य विभाग की टीम द्वारा प्रसाद के डिब्बे में बचे हुए लड्डुओं को जब्त करके सैंपल के रूप में जांच के लिए भेजा गया है और मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। एसडीएम संजय कुमार तथा सीओ जेएन अस्थाना ने गांव में जाकर लोगों से घटना की जानकारी ली ।
मंगलवार की शाम गांव माधुरी के एक मंदिर पर प्रसाद के तीन डिब्बे रखे मिले थे। ग्रामीणों ने उन्हें प्रसाद समझकर भगवान को भोग लगाने के बाद आपस में बांटकर खा लिया। अगले दिन भी इसी प्रकार मिठाई के डिब्बे मंदिर में मिले। जिन्हें प्रसाद मानकर महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने खाया। इसे खाने के बाद लोगों की तबीयत खराब होने लगी। 18 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। जिनको उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही गांव पहुंचकर बचे हुए लड्डू के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
तबीयत बिगड़ने पर जिन लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है उनमें बृजेश कुमार (55), रजनेश (22), मुकेश (40), रोहिताश (35), बद्री प्रसाद (65), माया देवी (65), रामा देवी (35), कनक (10), अनुष्का (12), साधना (35), सोनी (7), मृदुल (6), प्रीति (20), अवनी (8), श्रीमा (50), सृष्टि (7), अंगूरी (50), राजेश (40) का इलाज चल रहा है। वहीं शनिवार को मुन्नी देवी (55) की मौत हो गई।
सीओ जेएन अस्थाना का कहना है कि मंदिर से मिले मिठाई के डिब्बे का लड्डू खाने के एक महिला की मौत हो गई। जिसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
@samachar24news


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें