ग्राहक को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार का सिर फूटा, हंगामा व्यापारियों की मंडी गांधीगंज से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग
मंडी गांधीगंज में गुरुवार दोपहर ग्राहक बुलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति का सिर फूट गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
गुरुवार को सड़क पर फड़ लगाने वाले साबुद्दीन ने ग्राहक को बुलाने को लेकर हुए विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के उमेश वार्ष्णेय के सिर पर वार करके घायल कर दिया। मौके पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और घायल उमेश वार्ष्णेय को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पीड़ित पक्ष के परिजनों और स्थानीय दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि इस विवाद का मुख्य कारण बाजार में लगने वाले अवैध तख्त, ठेले और सड़कों पर अतिक्रमण है, जिसके चलते आए दिन झगड़े होते रहते हैं। पहले भी दुकानों और अवैध ठेलों को लेकर विवाद हो चुके हैं। पुलिस प्रशासन सिर्फ चेतावनी देकर चला जाता है, जिससे अतिक्रमण करने वालों पर कोई फर्क नहीं पड़ता। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी और भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मंडी में व्याप्त अतिक्रमण को हटाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं में पंकज गुप्ता, मुकुल गुप्ता, गिरीश मोहन गुप्ता, नीरज वैश्य, अभिषेक मेंबर, श्याम मूर्ति वार्ष्णेय, पारस गुप्ता, प्रिंस भामाशाह, वैभव गुप्ता, हर्ष गुप्ता, राज मेंबर, योगेश वार्ष्णेय और पिंटू वार्ष्णेय ने अतिक्रमण हटाने की मांग की।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें