विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक 114वां लख्खी मेला श्री दाउजी महाराज, हाथरस को भव्य एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर मेला आयोजन के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी कर दिशा निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि परंपरागत रूप से गणेश चतुर्थी (27 अगस्त 2025) से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ किया जाएगा, जबकि बल्देव छठ (29 अगस्त 2025) को मेले का विधिवत उद्घाटन प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विगत वर्ष लख्खी मेला श्री दाउजी महाराज को राजकीय मेला घोषित किया गया था, जिससे इसकी महत्ता और भी बढ़ गई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेला आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित किया जाए। इसके लिए समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने, आवश्यक समितियों के गठन तथा आय-व्यय संबंधी कार्यों का समय से निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
@samachar24news

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें