सड़क सुरक्षा को अपनाना है, जीवन को सुरक्षित बनाना है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
हाथरस।
16 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहनों तथा दुपहिया बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा के लिए प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। तेज गति से वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें। रात्रि के समय वाहनों पर फ्लोरोसेंट रिफ्लेक्टिव स्ट्रिप का उपयोग करें, जिससे वाहन दूर से दिखाई दे सकें। निर्धारित गति सीमा का पालन करने के साथ ही वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न संगठनों, वाहन चालकों एवं परिवहन से जुड़े लोगों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ड्राइविंग स्कूलों के माध्यम से आम जनमानस को सुरक्षित एवं उचित तरीके से वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और अनमोल जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर फ्लैग मार्च किया और आमजन को जागरूक किया। जिलाधिकारी ने एनसीसी कैडेट्स एवं दोपहिया वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों तथा सड़कों पर लगे विभिन्न यातायात संकेतकों (साइनेज) के अर्थ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी से यातायात संकेतों को समझने और उनका पालन करने की अपील की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
@#samachar24news



0 टिप्पणियाँ