Advertisement

बिसाना हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली, एक अन्य गिरफ्तार

हाथरस ।

 जनपद के थाना चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना में हुए मानवेन्द्र हत्याकांड का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया। एसओजी और थाना चंदपा पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गोपाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कांबिंग के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल एक अन्य आरोपी को भी दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।

बीती 11 नवंबर की शाम को गांव बिसाना में आरोपी गोपाल अपने साथियों के साथ वादी के घर पहुंचा था। वहां गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने वादी के पुत्र मानवेन्द्र की गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में एसओजी व सर्विलांस सहित पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थीं।

ऐसे हुई मुठभेड़ और गिरफ्तारी

गुरुवार (19 नवंबर) को पुलिस टीमों को मुखबिर और टेक्निकल इंटेलिजेंस से सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपी इलाके से कहीं भागने की फिराक में हैं। इस पर एसओजी प्रभारी धीरज गौतम और चंदपा थाना प्रभारी योगेश सिंह की टीमों ने चंदपा से महमूदपुर ब्राह्मणान जाने वाले पगडंडी रास्ते पर बम्बे के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी गोपाल निवासी मांगरौल बड़ी पार्टी, थाना सिकंदरा, आगरा के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद इलाके में की गई कांबिंग के दौरान पुलिस ने घटना में प्रकाश में आए दूसरे आरोपी उदयवीर निवासी ग्राम हीरागढ़ी, थाना चंदपा, हाथरस को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और हत्या की वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। थाना चंदपा पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे मु0अ0सं0 251/2026 के तहत आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।


@#sAmachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ