Advertisement

कासगंज जीआरपी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, यात्री को लौटाए स्टेशन पर छूटे दो बैग

कासगंज।

 रेलवे स्टेशन पर जल्दबाजी में छूटे एक यात्री के दो बैग जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बरामद कर सकुशल वापस लौटा दिए हैं। बैग में शादी के कार्ड, जरूरी दस्तावेज, कपड़े और अन्य व्यक्तिगत सामान सुरक्षित मिला, जिसे पाकर यात्री ने जीआरपी पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

जीआरपी अनुभाग आगरा के उच्चाधिकारियों के निर्देशन में इन दिनों रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में अपराध की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर जीआरपी टीम को दो काले रंग के पिठ्ठू बैग लावारिस हालत में पड़े मिले।

थाना जीआरपी पुलिस ने तत्काल बैग के मालिक की तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि यह दोनों बैग फर्रुखाबाद जनपद के थाना मेरापुर क्षेत्र अंतर्गत नगला चम्पत निवासी सौरभ यादव पुत्र नरेन्द्र सिंह के हैं। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने पर सौरभ यादव थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह अपने मित्र अभिषेक और बहन सोनी के साथ पखना (फर्रुखाबाद) से शादी के कार्ड बांटने कासगंज आए थे। सामान अधिक होने और जल्दबाजी के कारण उनके दोनों बैग प्लेटफॉर्म नंबर-01 पर ही छूट गए थे, जिसका पता उन्हें घर पहुंचने पर चला।

आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद थाना जीआरपी कासगंज पुलिस ने दोनों बैग मय सामान यात्री सौरभ यादव के सुपुर्द कर दिए। बैग बरामद करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, कांस्टेबल वीरेश कुमार और महिला आरक्षी सुधा चौहान शामिल रहीं।



@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ