कोतवाली नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ई-रिक्शा में सफर के दौरान महिला का खोया हुआ पर्स सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मंगलवार को पर्स में रखे आठ हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण और घर की चाबी पीड़िता को सुपुर्द कर दी।
नवीपुर निवासी रश्मि कुशवाह पत्नी सिद्धार्थ कुशवाह 15 नवंबर को अपने घर से ई-रिक्शा में बैठकर रेलवे स्टेशन जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में नकदी, सोने के गहने और घर की चाबी रखी थी। पीड़िता ने कोतवाली नगर पहुंचकर इस संबंध में पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस ने मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला और लगातार प्रयास करते हुए पर्स को ढूंढ निकाला।
मंगलवार को आवश्यक सत्यापन के बाद पुलिस ने बरामद पर्स, जिसमें 8,000 रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां और घर की चाबी शामिल थी, रश्मि कुशवाह को सौंप दिया। अपना कीमती सामान सकुशल वापस पाकर पीड़िता ने हाथरस पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
@#samachar24news


0 टिप्पणियाँ