Advertisement

एएसपी ने डायल-112 और पुलिस नियंत्रण कक्ष का किया औचक निरीक्षण, रिस्पॉन्स टाइम सुधारने के दिए निर्देश

हाथरस।

 जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक  रामानन्द कुशवाहा ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित डायल-112 और पुलिस नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने डायल-112 पर आने वाली कॉल, उन पर की जाने वाली कार्रवाई और पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि डायल-112 पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर बिना किसी देरी के तत्काल व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने कंट्रोल रूम में आने वाली सूचनाओं पर संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर समयबद्ध कार्रवाई करने को कहा।

एएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता व जिम्मेदारी बरतने और फरियादियों के प्रति संवेदनशील व सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए, ताकि पुलिस की आपातकालीन सेवाओं पर जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।


@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ