थाना हाथरस गेट पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए परचून की दुकान से हुई नकदी और आभूषण चोरी की घटना का त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख 7 हजार 100 रुपये नकद और डिब्बे सहित करीब 962 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, जलेसर रोड स्थित गंदा नाला निवासी सोनू पुत्र स्व. महाराज सिंह ने 17 नवंबर 2026 को थाना हाथरस गेट में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर में स्थित परचून की दुकान के गल्ले से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पार कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना हाथरस गेट, एंटी थेफ्ट और सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुरागरसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के माल के साथ तीन संदिग्ध व्यक्ति आरटीओ कार्यालय के पास गंदे नाले की पटरी से होते हुए हाथरस की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामू पुत्र अतर सिंह निवासी गंदे नाले के पास जलेसर रोड (हाथरस), विजय पुत्र आनन्द प्रकाश निवासी जलेसर रोड (हाथरस) और प्रिंस पुत्र वीरेन्द्र निवासी मई नाथ, थाना मडराक (अलीगढ़) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान से चोरी करने की बात स्वीकार की है। मौके पर बुलाए गए पीड़ित दुकानदार ने भी अपने सामान की पहचान कर ली है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2,07,100 रुपये की नकदी के अलावा सफेद धातु (चांदी) के 12 लच्छे, एक जोड़ी पायजेब, चार खड़ुए, दो जोड़ी सैंपल, एक चेन, एक कोंधनी, पीली धातु (सोना) की दो लौंग, एक ओम और 450 रुपये कीमत के गिलट के सिक्के बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एंटी थेफ्ट टीम के प्रभारी सुरेन्द्र कुमार और थाना हाथरस गेट के उपनिरीक्षक विजय कुमार अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
@#samachar24news



0 टिप्पणियाँ