नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को आंवला नवमी (अक्षय नवमी) का पर्व बड़ी श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिरों और बगीचों में स्थित आंवले के वृक्षों के पास महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु महिलाओं ने विधि-विधान से वृक्ष का पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की।
पूजन के दौरान महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की जड़ में दूध व जल अर्पित किया तथा रोली, अक्षत, पुष्प और नैवेद्य चढ़ाकर धूप-दीप से आरती उतारी। इसके पश्चात महिलाओं ने वृक्ष के चारों ओर कच्चा सूत लपेटते हुए परिक्रमा की और आंवला नवमी की व्रत कथा सुनी। पूजा के उपरांत कई परिवारों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए आंवले के वृक्ष की छाया में बैठकर सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अक्षय नवमी, आंवला नवमी और कुष्मांडा नवमी के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि इसी पावन तिथि से सतयुग का आरंभ हुआ था और भगवान विष्णु ने कुष्मांडा रूप में सृष्टि की रचना की थी। शास्त्रों के अनुसार, इस दिन किए गए जप, तप, दान और पुण्य का फल 'अक्षय' रहता है, अर्थात उसका कभी क्षय नहीं होता।
पौराणिक कथाओं के मुताबिक, आंवला वृक्ष की उत्पत्ति भगवान ब्रह्मा के आंसुओं से हुई मानी जाती है। इस दिव्य वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है, जिसके चलते इस दिन आंवला वृक्ष और माता कुष्मांडा की पूजा का विशेष विधान है। पर्व के चलते नगर के बाजारों में भी पूजन सामग्री और आंवले की खरीदारी को लेकर खासी चहल-पहल देखी गई।
@#samachar24news



0 टिप्पणियाँ