किसान गोष्ठी की बैठक से लौटते समय कलेक्ट्रेट परिसर में फरियादी से की मुलाकात, समस्या की जानकारी लेकर तत्काल कराया समाधानहाथरस।
जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के प्रति संवेदनशील जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने एक बार फिर मानवीय पहल करते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री रामेश्वर पुत्र स्वर्गीय श्री रामचरन, निवासी हाथरस को उनके पेंशन एरियर एवं उपादान की देय धनराशि का भुगतान सुनिश्चित कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल विकास भवन सभागार में आयोजित किसान गोष्ठी की बैठक से वापस कलेक्ट्रेट लौट रहे थे। इसी दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में वाहन से उतरते समय उनकी नजर वहां मौजूद फरियादी श्री रामेश्वर पर पड़ी। जिलाधिकारी ने स्वयं उनसे रुककर जानकारी ली कि वे किस कार्य से कलेक्ट्रेट आए हैं। फरियादी द्वारा अवगत कराया गया कि वे नगर पालिका परिषद हाथरस के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं तथा उन्हें पेंशन एरियर एवं उपादान की धनराशि का भुगतान प्राप्त होना है। प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर भुगतान की कार्यवाही सुनिश्चित कराई। आयुक्त, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ के पत्र संख्या 11/एल0बी0ए0/पेंशन, दिनांक 21.10.2026 के माध्यम से श्री रामेश्वर को दिनांक 01.02.2026 से रूपये 23,400 प्रतिमाह पेंशन एवं उस पर देय महंगाई राहत तथा रूपये 12,20,076 उपादान की स्वीकृति प्रदान की गई थी।
इसके आधार पर रूपये 12,20,076 उपादान तथा फरवरी 2026 से सितंबर 2026 तक की अवधि का रूपये 3,01,626 पेंशन एरियर, इस प्रकार कुल रूपये 15,21,702 (पन्द्रह लाख इक्कीस हजार सात सौ दो रुपये मात्र) का देयक तैयार किया गया। उक्त धनराशि पी0पी0ए0 संख्या 112613444872 दिनांक 16.11.2026 के माध्यम से अंशदायी सेवा पेंशन निधि खाते में जमा कराई गई थी। संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त देयक का पूर्व में कोई भुगतान नहीं हुआ था तथा यह प्रथम बार तैयार किया गया था।
जिलाधिकारी ने प्रकरण में तत्परता दिखाते हुए तत्काल भुगतान की कार्यवाही पूर्ण कराई तथा श्री रामेश्वर को कुल रूपये 15,21,702 की धनराशि का चेक उपलब्ध कराकर लाभान्वित किया। लंबे समय से देय पेंशन संबंधी धनराशि प्राप्त होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारी ने जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयकों एवं पेंशन संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी पात्र कर्मचारी को उसके वैध देयकों के भुगतान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जनसामान्य की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेकर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
@#samachar24news

0 टिप्पणियाँ