Advertisement

ग्राम आरनोट में आयोजित हुआ ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम

किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग एवं पराली प्रबंधन के प्रति किया गया जागरूक


हाथरस।

विकास खंड सिकंदराराऊ, जनपद हाथरस के ग्राम आरनोट में आज दिनांक 18.11.2026 को ग्राम प्रधान श्री महेंद्र पाल सिंह की अध्यक्षता में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत कृषक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ श्री श्रवण कुमार द्वारा उपस्थित कृषकों को संबोधित करते हुए खेतों की उर्वरा शक्ति एवं मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए हरी खाद के प्रयोग, नैनो उर्वरकों के उपयोग, उर्वरकों के संतुलित प्रयोग तथा मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को फसल अवशेष (पराली) न जलाने तथा उसके उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया। साथ ही अधिक उत्पादन एवं बेहतर गुणवत्ता के लिए प्रमाणित बीजों का प्रयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, हाथरस श्री सत्येंद्र  सिंह  द्वारा खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए भूमि की उर्वरता बनाए रखने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के संबंध में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं, आगामी रबी फसलों के लिए बीज बुकिंग प्रक्रिया, बीजों पर देय अनुदान तथा कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रों पर अनुमन्य अनुदान की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी श्री जे.के. शर्मा,श्री राकेश पाल सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भी किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

गोष्ठी में उपस्थित कृषकों से अपील की गई कि वे मृदा स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाएं, रासायनिक उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करें तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर भूमि की उर्वरा शक्ति को सुरक्षित रखें।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री महेंद्र पाल सिंह, क्षेत्रीय कृषकगण एवं कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ