Advertisement

थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

हाथरस।

 थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ थाना कोतवाली मुरसान पहुंचकर जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान करें। जिन मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्यवाही आवश्यक है, उनमें दोनों विभागों की टीमें आपसी समन्वय से मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। प्रत्येक प्रकरण में गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही की जाए तथा अनावश्यक विलंब न किया जाए।

जिलाधिकारी ने महिला सुरक्षा को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुना जाए। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा नियमानुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात चौकीदारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ