Advertisement

50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें: जिलाधिकारी

निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर कार्यदायी संस्थाओं पर लगेगी पेनल्टी, लापरवाही मिलने पर होगी कार्यवाही


हाथरस।

50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन एवं अपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को अवशेष निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों का समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं, उनके अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों तथा भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यकतानुसार अधिक मैनपावर लगाकर अवशेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अवगत कराएं, जिससे समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्यदायी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर नियमानुसार पेनल्टी लगाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि परियोजना के प्रारंभ होने से लेकर पूर्ण होने तक संबंधित विभागीय अधिकारी समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन करते रहें। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत हस्तांतरण से पूर्व कराए गए कार्यों का मिलान स्वीकृत कार्ययोजना से अवश्य कर लें, ताकि हैंडओवर के बाद किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। 

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण न होने पर संबंधित कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने सीएमआईएस पोर्टल पर सभी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति समय से अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।



@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ