Advertisement

जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

हाथरस। 

जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार, हाथरस में समस्त विभागाध्यक्षों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को स्व-गणना के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को अवगत कराया गया कि स्व-गणना की प्रक्रिया दिनांक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में जनपद के निवासी स्वयं स्व-गणना पोर्टल अथवा वेब लॉगिन के माध्यम से अपने परिवार एवं संबंधित सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों एवं उनके परिवारों द्वारा स्व-गणना कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी बताया गया कि स्व-गणना पूर्ण करने के उपरांत प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखें तथा जब प्रगणक उनके घर पर गणना हेतु आएं, तो उन्हें अपनी स्व-गणना आईडी अवश्य दिखाएं।

अधिकारियों को बताया गया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत दिनांक 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर गणना की जाएगी।

इस अवसर पर जनपद के समस्त निवासियों से अपील की गई कि वे जनगणना-2027 में सक्रिय सहभागिता करें तथा प्रगणक द्वारा पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों का सही, सटीक एवं पूर्ण विवरण उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना का कार्य पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), हाथरस, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ