Advertisement

गोरखपुर के चिलुआताल थाने में इंस्पेक्टर की कथित बर्बरता के खिलाफ 'राष्ट्रीय विप्र एकता मंच भारत' ने उठाई न्याय की मांग

सिकन्दराराऊ 

गोरखपुर के चिलुआताल थाने में ब्राह्मण युवक शिवम पांडेय और उनकी माता श्रीमती पूनम पांडेय के साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार और अपमान के विरोध में राष्ट्रीय विप्र एकता मंच भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए दोषियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है।

प्रेस को जारी बयान में संगठन ने आरोप लगाया है कि चिलुआताल थाने में तैनात इंस्पेक्टर सूरज सिंह द्वारा शिवम पांडेय से अपने जूते पर थुकवाकर उसे चाटने के लिए मजबूर किया गया। इसके साथ ही युवक और उनकी माता के साथ जातिसूचक गालियों का प्रयोग कर उन्हें अपमानित किया गया। संगठन का कहना है कि यह घटना केवल एक परिवार नहीं, बल्कि पूरे समाज के स्वाभिमान और संविधान प्रदत्त समानता के अधिकार पर सीधा हमला है।

इस मामले में न्याय की मांग करते हुए पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने शासन और प्रशासन से आग्रह किया है कि घटना के समय की चिलुआताल थाने की संपूर्ण सीसीटीवी फुटेज तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक की जाए और आरोपी इंस्पेक्टर सूरज सिंह को अविलंब निलंबित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने जातिसूचक अपमान, कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार के इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी के विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने पीड़ित शिवम पांडेय और उनकी माता पूनम पांडेय को समुचित सुरक्षा और न्याय प्रदान करने पर भी विशेष जोर दिया है।

पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी जाति के विरुद्ध नहीं, बल्कि एक मां की गरिमा, एक बेटे के स्वाभिमान और कानून की मर्यादा की रक्षा के लिए है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री एवं गोरखपुर जिला प्रशासन से इस प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने का निवेदन किया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो सभी पदाधिकारी गोरखपुर पहुंचकर उग्र आंदोलन करने और सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे।


@#samachar24news

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ