एटा।* आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग लड़के के इलाज तथा कृत्रिम पैर लगवाने में पुलिस ने की आर्थिक मदद। उपचार के उपरांत फिर से चलने फिरने में सक्षम होने पर संविदा चतुर्थ श्रेणी पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय मे जनसुनवाई के दौरान थाना कोतवाली नगर के गांव रुद्रपुर निवासी अतुल कुमार पुत्र स्व. रनवीर सिंह जो मूलतः ग्राम इन्छा थाना जसवंत नगर जनपद इटावा का रहने वाला है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के इस लड़के ने वर्ष 2019 में एक सड़क दुघर्टना में अपने पिता को तो खोया ही साथ ही अपना एक पैर भी गंवा बैठा। आर्थिक तंगी के चलते सही उपचार न मिल पाने और कृत्रिम पैर न लगवा पाने चलते रोजगार की भी समस्या आड़े आ गई। अपनी समस्या के समाधान को लेकर जब अन्यत्र उसे कुछ न सूझा तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पहुंच एसएसपी एटा के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई। युवक ने बताया की उसके पिता जनपद इटावा में पुलिस विभाग में ही कुक का कार्य करते थे, रिटायरमेंट के बाद वर्ष 2019 में एक सड़क दुघर्टना में मोटर साइकिल पर अपने पिता के साथ जाते समय उसके पिता की मृत्यु हो गई तथा उसके पैरों में फ्रैक्चर आया, वर्ष 2021 में उपचार के दौरान उसके एक पैर को काटना पड़ा। नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर राजस्थान में उपचार में चिकित्सकों द्वारा 35000 रुपए व्यय होने की बताने पर युवक अंदर ही अंदर पूरी तरह टूट चुका था। युवक की बातों को सुनकर एसएसपी एटा भावुक हो उठे तथा उसे पुलिस की ओर से समुचित मदद का आश्वासन दिया और अगले दिन आने को कहा। वहीं एसएसपी एटा तथा अपर पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा स्वयं भी युवक की मदद को धनराशि दी गई। इस प्रकार महिला थाना सहित समस्त 19 थानों, उच्चाधिकारियों एवं आमजन के सहयोग से कुल 42,901 रुपए की धनराशि एकत्रित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा जरुरतमंद युवक को दी गई। इसके साथ ही एसएसपी एटा द्वारा युवक को अपना इलाज कराकर चलने फिरने में समर्थ होने पर डेली बेसिस पर पुलिस विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद कुक पर नियुक्ति दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया।
@samachar24news

एक टिप्पणी भेजें