डीएम तथा एसपी ने सिकंदराराऊ तहसील पर सम्पूर्ण समाधान दिवस में की जनसुनवाई

हाथरस ।

 सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ तहसील सिकंदराराऊ में जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्णढंग से करने के निर्देश दिए।

सिकन्दराराऊ में आयोजित तहसील समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने व निस्तारण के अभाव में एक ही समस्या को आवेदक द्वारा बार-बार प्रस्तुत किये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। 

इस मौके पर जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि ग्रीष्म ऋतु का मौसम प्रारंभ हो चुका है, जिसके दृष्टिगत शासन द्वारा विभिन्न विभागों को गर्मी एवं लू से बचाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। जिसके संबंध में जिला प्रशासन द्वारा भी एक समेकित निर्देश जारी किया गया है, ताकि आमजन, पशु-पक्षियों को राहत प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यालय में कम से कम एक-दो छोटी पानी की टंकियां अथवा पात्र अवश्य रखवाए जाएं, ताकि पशु-पक्षियों एवं अन्य जीवों को पानी मिल सके। इसमें ठंडे पानी की आवश्यकता नहीं है, सामान्य स्वच्छ पानी भी पर्याप्त है, बस उसे प्रतिदिन बदला जाए। यदि कार्यालय परिसर में वृक्ष हैं तो उनके नीचे बैठने हेतु छायादार व्यवस्था अथवा चबूतरे आदि सुनिश्चित किए जाएं। जनसुनवाई हेतु आने वाले फरियादियों एवं शिकायतकर्ताओं के लिए पर्याप्त छाया और पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। जहां वॉटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां कम से कम मटके की व्यवस्था अवश्य कराई जाए। राहत विभाग द्वारा भी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने कार्यालयों के साथ-साथ अधीनस्थ कार्यालयों में भी इन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराएं, ताकि कोई भी फरियादी, राहगीर या आमजन प्यासा न रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर पानी टंकियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि हम सभी मिलकर इनका अनुपालन सुनिश्चित करें, तो निश्चित रूप से आमजन को राहत मिलेगी और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य संपादित होंगे।

सिकंदराराऊ तहसील समाधान दिवस में 73 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये तथा 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हाथरस तहसील में कुल 82 शिकायतों मेें से 5, तहसील सादाबाद में कुल 28 शिकायतों में से 2 शिकायतों तथा सासनी तहसील में कुल 54 शिकायतों में से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया।

तहसील समाधान दिवस की मौके पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सिकंदराराऊ, क्षेत्राधिकारी पुलिस, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, एल०डी०एम०, जिला पंचायत राज अधिकारी, ए०आर० कोऑपरेटिव, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सिकंदराराऊ तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत हसायन उपस्थित रहे।



@#samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2