विधानसभा क्षेत्र से गुरुवार रात 50 वीं निशुल्क गंगा स्नान यात्रा रवाना हुई। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर ग्राम भेंकुरी-बरसौली चौराहे से कछला गंगा घाट के लिए 41 बसों में हजारों श्रद्धालु निकले। इस यात्रा में महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
यह धार्मिक यात्रा श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित की जाती है। लालपुर, एटा निवासी सूर्य प्रताप सिंह 'सूरज' इसे संचालित करते हैं, जो पूर्व जिला पंचायत सदस्य भी रह चुके हैं। वह पिछले कई वर्षों से एटा, हाथरस और आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को निशुल्क गंगा स्नान करा रहे हैं। यह यात्रा 15 मई 2022 से प्रत्येक पूर्णिमा पर लगातार निकाली जा रही है और अब सैकड़ों गांवों तक अपनी पहचान बना चुकी है।
इस बार यात्रा का शुभारंभ पहली बार सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के भेंकुरी-बरसौली चौराहे से हुआ जिसमें सिकंदरा राऊ विधानसभा के कई गांव के ग्रामीणों ने भाग लिया। गुरुवार रात करीब 12 बजे सूर्य प्रताप सिंह ने बसों की विधिवत पूजा-अर्चना की और हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। गंगा घाट पर पहुंचकर श्रद्धालु पवित्र स्नान, पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। इसके बाद शुक्रवार सुबह सभी श्रद्धालु सकुशल अपने गांवों को लौटेंगे।
इस यात्रा की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि बसों से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाओं का खर्च आयोजक स्वयं वहन करते हैं। यह सेवा कार्य बिना किसी शुल्क के किया जाता है, जिससे ग्रामीणों में खुशी और आभार का माहौल है। इस अवसर पर अमन राघव, अनुज कुमार, प्रबल प्रताप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, प्रशांत, जतिन, रवि, सुमित, राकेश, धर्मपाल, धर्मवीर, कृपेंद्र, अवधेश, संतोष, तरुण, बृजेश मोहन, दीपेंद्र सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
@#samachar24news


एक टिप्पणी भेजें