जनपद के 4 केन्द्रों पर 9 जून को आयोजित होगी संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2024 जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए सख्त निर्देश

एटा।* जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने जनपद के 4 केन्द्रों पर 9 जून को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड 2024 को शासन की मंशानुसार निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु कलेक्ट्रेट चौम्बर में बैठक की। डीएम ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में बीएड प्रवेश परीक्षा हेतु राजकीय इण्टर कॉलेज, राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, अविनाशी सहाय आर्य इण्टर कॉलेज, क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, केन्द्र पर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर कक्ष निरीक्षकों के साथ एक बैठक कर ली जाए। 


डीएम ने कहा कि 9 जून को दो पालियों में (प्रथम पाली प्रातः 9 से मध्यान्ह 12 तक तथा दूसरी पाली अपरान्ह 2 से 5 बजे तक) आयोजित प्रवेश परीक्षा में 1854 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केन्द्र व्यवस्थापक अपने केन्द्र पर सावधानी व सतर्कता बनाए रखें। लोकसभा सामान्य निर्वाचन के उपरान्त प्रदेश भर में परीक्षा की संवेदनशीनलता को गंभीरता से लिया जाए, सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित कराएं। परीक्षा केंद्रों के आस-पास की फोटोकॉपी व स्कैनिंग की दुकानें बंद रखें। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। केन्द्र पर परीक्षार्थियों को सुविधा प्रदान करने हेतु क्लाकरूम की व्यवस्था की जाए। मुख्य प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन तलाशी लें, किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। 

बैठक में एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एएसडीएम वेद प्रिय आर्य, डीआईओएस चन्द्रकेश सिंह, डीएसओ कमलेश गुप्ता, बीएसए दिनेश कुमार, डीपीओ संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक आदि मौजूद रहे।





@samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2