नेहरू युवा केंद्र एवं माय भारत ने मनाया मतदाता जागरूकता दिवस

वोट केवल एक अधिकार नहीं बल्कि हमारी एक जिम्मेदारी है: प्रज्ञा यादव


हाथरस। 

नेहरू युवा केंद्र हाथरस एवं माय भारत हाथरस के तत्वाधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में जिला युवा अधिकारी दिव्या शर्मा के निर्देशन में कन्या इंटर कॉलेज सासनी में मतदाता जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया जिसमें पेंटिंग प्रतियोगिता एवं नाटक के माध्यम से आम जनमानस को मतदान करने की अपील की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम प्रज्ञा यादव  द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के छवि चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके उपरांत सभी को मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में नागरिकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने और लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया। 

 उप जिलाधिकारी प्रज्ञा यादव ने कहा राष्ट्रीय मतदाता दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों को याद दिलाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का यह नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का सही और निष्पक्ष उपयोग करे। हमारा वोट केवल एक अधिकार नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। जब हर नागरिक मतदान करेगा तभी एक सशक्त और समृद्ध लोकतंत्र का निर्माण संभव होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की जड़ें तभी मजबूत हो सकती हैं जब हम सभी अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं।

खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार  ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर साल 25 जनवरी को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य भारत में चुनावों में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ाना और लोकतंत्र को मजबूत करना है।इस दिन को भारत निर्वाचन आयोग ने 2011 में शुरू किया था। यह दिवस नए मतदाताओं को मतदान के अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसके जरिए लोगों में चुनावी प्रक्रिया के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को बढ़ावा दिया जाता है। 

इसी क्रम में मतदाता जागरूकता के उपलक्ष में पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गुंजन, द्वितीय स्थान आलिया एवं तृतीय स्थान प्रतिज्ञा ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन में सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार, तहसीलदार अनिल कुमार, कन्या इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उमा कुमारी  उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नियुक्ति मंडल अध्यक्ष मोनी रावत द्वारा किया गया।



@samachar24news

Post a Comment

और नया पुराने
Post ADS 2