शोभायात्रा के साथ निकली भव्य कांवड यात्रा
शिव रूप से कलाकारों ने दिखाए करतब
अलीगंज- सावन के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए कांवडिया रविवार से ही गंगा जल लेने के लिए निकल पडते है। रविवार को नगर में श्रद्वालुओं ने शोभायात्रा निकाली। इस दौरान भगवान शिव के सजे कलाकार डीजे से निकल रही धुनों पर झूम रहे थे। रविवार को पूरे दिन कई कांवड यात्राएं निकाली गई। हिन्दू धर्म में सावन में सोमवार का विशेष महत्व रहता है। इस वर्ष सावन दो माह का है। शिव भक्त कांवडिया भगवान भोलेनाथ को मनाने के लिए गंगा घाटों से जलकर भगवान को अर्पित करते है। रविवार को नगर के मोहल्ला गोविन्ददास से विशाल कांवड यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में भगवान के रूप में सजे स्वरूप कलाकार भक्ति भजनों पर थिरक रहे थे। वहीं नंदी के उपर सवार भगवान शिव के स्वरूप को देखने के लिए बडी संख्या में भीड एकत्रित हो गई।
यात्रा पूरे नगर से भ्रमण करती हुई फर्रूखाबाद के पांचाल घाट के लिए रवाना हुई। यात्रा में सैकडों की संख्या में सम्मिलित महिलाएं, पुरूष और बच्चे भजना पर थिरक रहे थे। वहीं भस्म को उडाकर आनंद ले रहे थे। इस अवसर पर शशांक गुप्ता, सोनू शर्मा, नीलू राजपूत, अशोक शर्मा, रवि शर्मा, विमल, चेतन, सलौनी, राजा बाबू, समौजीराम, सियाराम, अभिषेक सहित बडी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें